![](https://www.jansatta.com/wp-content/uploads/2022/03/Paint.jpg)
दुनिया का हर व्यक्ति चाहता है कि उसका घर, दफ्तर, दुकान आदि सुंदर और आकर्षक लगें। इसके लिए वह अपने घर, दफ्तर, दुकान आदि की दीवारों पर अच्छे से अच्छा पेंट अवश्य करवाते हैं। कई लोग तो अपने घर या दफ्तर को इतना सुंदर बनाना चाहते हैं कि अपना मनचाहा काम करवाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाते हैं। इतना ही नहीं वे दीवारों पर अलग-अलग तरह की कलाकृतियां बनवाते हैं ताकि उनका घर बेहद आकर्षक लगे। लोगों द्वारा अपने घर को पेंट कराने पर इतना अधिक ध्यान देने और इस क्षेत्र में तकनीक के प्रवेश के चलते पेंट व्यवसाय बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इस व्यवसाय (स्टार्टअप) की शुरुआत करने के लिए अधिक धन की आवश्यकता भी नहीं होती है।
पेंट का व्यवसाय शुरू करने से पहले आपको यह तय करना होगा कि आपको व्यवसाय किस क्षेत्र में करना है। गांव या कस्बे के क्षेत्र में यह व्यवसाय सफलतापूर्वक चलाना काफी मुश्किल होता है। इस क्षेत्र में रहने वाले अधिकतर लोग खुद या अपने परिवार वालों के साथ मिलकर घरों को पेंट कर लेते हैं। वहीं, शहरों में पेंट के व्यवसाय के चलने की संभावना बहुत ज्यादा होती है। इस क्षेत्र में आए दिन नए घर और इमारतें बनती ही रहती हैं। अधिक काम होने की वजह से यहां इस व्यवसाय को करने वालों की मांग भी काफी होती है जिसकी वजह से काम करने का पैसा भी ठीक मिल जाता है।
आप चाहे तो पेंट का व्यवसाय का काम अपने घर से भी शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा यदि चाहें तो कोई एक दुकान भी ले सकते हैं। इसके बाद बात आती है, पेंट में उपयोग होने वाले उपकरणों की। शुरुआत में आप दस हजार रुपए से कुछ उपकरण खरीद सकते हैं बाकी जैसे-जैसे आपको काम मिलता रहे, आप उसी के मुताबिक उपकरण खरीदते रहें।
इस व्यवसाय को आप अकेले नहीं कर सकते हैं। इसमें आपको सहायक कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। क्योंकि न तो आप खुद माल लेकर आ सकते हैं और न ही पेंट ही अकेले कर सकते हैं। इसीलिए आप इस व्यवसाय में अपनी जरूरत के मुताबिक कर्मचारी रख सकते हैं। इस व्यवसाय में आपको बहुत ही बेहतर लाभ होने की संभावना है।
आप 20 फीसद तक का लाभ बहुत ही आराम से कमा सकते हैं। इसके साथ ही आप थोक बाजार से पेंट और अन्य सामान खरीद इस लाभ में 10 फीसद तक की और बढ़ोतरी कर सकते हैं। इस व्यवसाय के के माध्यम से आप हर महीने 40 हजार रुपए से एक लाख रुपए तक की कमाई शुरू कर सकते हैं। जैसे-जैसे आपका व्यवसाय बढ़ता जाएगा वैसे-वैसे आप का लाभ भी बढ़ता ही जाएगा।
प्रस्तुति : सुशील राघव
पेंट व्यवसाय शुरू कर अपने सपनों में भरें रंग - Jansatta
Read More
No comments:
Post a Comment